कांग्रेस ने सांसदों को जारी किया व्हिप, लोकसभा में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास विधेयक पारित
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दों पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को भी संसद की कार्यवाही बाधित रही और दोनों सदनों को एक-एक बार के स्थगन के बाद दिन भर के लिए स्थगित कर दिया। दोनों सदनों में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की 84वीं वर्षगांठ पर स्वतंत्रता आंदोलन में बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी। लोकसभा में हंगामा के बीच ही सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 को चर्चा के बिना पारित कर दिया। संसद का मानसून सत्र इस बार लगातार सियासी घमासान की भेंट चढ़ता आ रहा है। दूसरा सच यह भी है कि अभी ये घमासान दूर-दूर तक थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है और यह गतिरोध और बढ़ने के पूरे आसार हैं। इसकी वजह है कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अपनी आक्रामक रणनीति का संकेत देते हुए लोकसभा और राज्यसभा के अपने सभी सांसदों के लिए एक कड़ा व्हिप जारी किया है। पार्टी ने अपने सभी सांसदों को 10, 11 और 12 अगस्त को दोनों सदनों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है, जिससे बड़े राजनीतिक घमासान के संकेत मिल रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस का ये तीन दिनों का व्हिप ऐसे समय में सामने आया है, जब सरकार संसद में बेहद संवेदनशील और विवादित एफसीआरए (एफसीआरए-विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम) संशोधन बिल को चर्चा के लिए लाने की तैयारी कर रही है।













