खंडाला के पास भीषण सड़क हादसा
सिवनी से नागपुर आ रहे थे तीनों बाइक सवार
लोकवाहिनी, संवाददाता
पारशिवनी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत खंडाला (डुमरी) मोड़ स्थित आशु ढाबा के पास शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे एक भयानक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक और 12 चक्का ट्रक के बीच हुई इस जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर के मेयो अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के माहुरझील निवासी नंदकिशोर अशोक रहांगडाले (30), सतीश राधेश्याम जैतवार (40) और प्रकाश ईश्वरदयाल जैतवार (25) स्प्लेंडर क्र. एमएच-49-बीक्यू 1245) पर सवार होकर सिवनी से नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खंडाला (डुमरी) के पास यू-टर्न ले रहे 12 चक्का ट्रक क्र. एमएच-40-बीजी 9065) से उनकी मोटरसाइकिल सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में नंदकिशोर रहांगडाले के सिर पर गंभीर चोट आई है और उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया है। वहीं अन्य दो सवार सतीश जैतवार और प्रकाश जैतवार को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पारशिवनी पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी किशोर शेरकी के मार्गदर्शन में हवलदार विजय टेकाम और सिपाही पृथ्वीराज चौहान तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को कामठी उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगे के इलाज के लिए नागपुर के मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पारशिवनी पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया तथा दोनों वाहनों (ट्रक व बाइक) को जब्त कर लिया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस मामले की आगे की जांच ए.एस.आई. गंगाप्रसाद वरकडे, हवलदार जय टेकाम और सिपाही पृथ्वीराज चौहान कर रहे हैं।












