आगाज | गीतों से गूंजा नेहरू पुतला चौक, मारबत महोत्सव में भक्तिगीतों की बहार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महापौर नीता ठाकरे ने नागरिकों को मारबत महोत्सव के विस्तारित स्वरूप को बताते हुए कहा कि उपराजधानी की ऐतिहासिक और प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक उत्तराधिकार को शहर तक मर्यादित नहीं रखते हुए अब वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास महानगरपालिका की ओर से किया जा रहा है। पहले केवल एक दिन आयोजित होने वाला मारबत महोत्सव मनपा के सहयोग से करीब चार से पांच दिनों तक विविध सांस्कृतिक व मनोरंजन कार्यक्रमों के साथ भव्य महोत्सव में शामिल हो गया है।
मारबत महोत्सव के अवसर पर भजनसंध्या का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक व पारंपरिक महोत्सव के तहत नेहरू पुतला, म स्कासाथ परिसर महानगरपालिका व श्री काली मारबत उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में भजनसंध्या में सुप्रसिद्ध गायक किशन भगत ने भक्तिगीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से महापौर नीता ठाकरे, उपमहापौर लीला हाथीबेड़, सत्ताधारी दल के नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी, राकांपा की गुट नेता और काली मारबत उत्सव समिति की संयोजक आभा पांडे, सतरंजीपुरा जोन सभापति अभिरुची राजगिरे, नगरसेवक संतोष (रामभाऊ) आंबुलकर, तुषार लारोकर, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पीयूष आंबुलकर, काली मारबत उत्सव समिति के अध्यक्ष गौरव हारडे समेत पदाधिकारी व नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
गायक किशन भगत ने विघ्नहर्ता श्री गणेश की अथंग आराधना से कार्यक्रम की आरंभ किया। इसके बाद गणेशजी, माता पार्वती और शिव प्रसंग समेत मोहे अंगना गजानन आयो रे गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया। ऐतिहासिक और भक्तिमय कार्यक्रम में शहर की समृद्ध संस्कृति का संवर्धन करने वाली काली मारबत उत्सव समिति के अध्यक्ष गौरव हारडे समेत समिति के सभी सदस्यों का महानगरपालिका के सहयोग से सत्कार किया गया। मनपा से महापौर नीता ठाकरे और स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी ने मानचिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पीयूष आंबुलकर ने किया।












