नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग का ग्लोबल हब बनने की तैयारी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को वैश्विक विनिर्माण के लिए एक भरोसेमंद विकल्प के रूप में पेश करते हुए चिप बनाने वाली कंपनियों से बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार देश को सेमीकंडक्टर क्षेत्र का पसंदीदा गंतव्य बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है।
मोदी ने यहां ‘सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन’ के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करते हुए कहा, दुनिया नए और भरोसेमंद विनिर्माण केंद्रों की तलाश कर रही है। भारत इस जरूरत को पूरा करने के लिए लगातार खुद को तैयार कर रहा है। भारत सेमीकंडक्टर उद्योग का पसंदीदा गंतव्य बनने के लिए हर जरूरी कदम उठा रहा है। प्रधानमंत्री ने इस बात का भी उल्लेख किया कि भारत में बने चिप पहली बार ग्राहकों तक पहुंचने लगे हैं। उन्होंने कहा, अब भारत के संयंत्रों से निकलने वाले हमारे चिप देश और दुनिया में ग्राहकों तक पहुंचने लगे हैं।














