पीएम मोदी का 76वां जन्मदिन गुरुवार को देशभर में धूम-धाम से मनाया गया। इस मौके पर देशभर में सेवा-संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम हुए। मध्य प्रदेश में दीपोत्सव मनाया गया। सबसे बड़ा आयोजन उज्जैन में हुआ, जहां शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक में 25 लाख जबकि मकानों-दुकानों में 10 लाख दीपक जलाए गए। उत्तराखंड के देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुना घाट पर पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा और आरती कराई। मोदी के जन्मदिन पर पूरे बिहार में 21 लाख दीये जलाए गए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल ने कांकरिया झील पर आरती की। इससे पहले शाह ने वडनगर में कहा कि मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में हैं। उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक करीब 1300 किमी की बाइक रैली रवाना की। इसी कड़ी में दिल्ली में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम 7 बजे कर्तव्य पथ, सेवा तीर्थ और नई संसद के आसपास 1.25 लाख दीये जलाए गए। वाराणसी से भी वडनगर के लिए बाइक रैली रवाना हुई। वहीं अजमेर जिले के पुष्कर में सैंड आर्टिस्ट ने पीएम मोदी को सैंड आर्ट बनाकर शुभकामनाएं दीं।














