नागपुर। नागपुर मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव 23 अक्टूबर को होंगे, इसकी घोषणा कर दी गई है. इस अवसर पर, लगभग पांच दशकों से अस्तित्व में रहे इस निर्वाचन क्षेत्र की राजनीतिक यात्रा को एक नया जीवन मिल गया है. नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गढ़चिरौली जिलों को मिलाकर बने इस निर्वाचन क्षेत्र में 1978 से भाजपा और उसकी पूर्ववर्ती जनसंघ का वर्चस्व रहा है. हालांकि, 2020 के चुनावों में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने भाजपा के संदीप जोशी को हराकर इस समीकरण को बदल दिया.
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को चुनाव अधिसूचना जारी होगी. नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर तय की गई है. नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर से पहले पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है.
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी छह जिलों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. प्रशासन ने संबंधित विभागों को इसके पालन के निर्देश दिए हैं. तय कार्यक्रम के तहत 23 अक्टूबर को मतदान व 27 को मतगणना होगी.
नागपुर से वंजारी और अमरावती से सरनाईक सदस्य
चुनाव कार्यक्रम के ऐलान के साथ ही नागपुर और अमरावती समेत संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नागपुर संभाग की स्नातक सीट से कांग्रेस के अभिजीत वंजारी वर्तमान में विधायक हैं, जबकि अमरावती संभाग की शिक्षक सीट से निर्दलीय किरण सरनाईक सदस्य हैं। छह दिसंबर 2026 को सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है।















