भामरागढ़ के दुर्गम क्षेत्र में भारी बारिश के चलते सड़क संपर्क बाधित
प्रशासन ने आपात स्थिति में लिया फैसला
लोकवाहिनी संवाददाता
गडचिरोली। पड़ोसी छत्तीसगढ़ राज्य और भामरागढ़ तहसील में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नालों में बाढ़ आ गई है। इसके चलते कई दुर्गम गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। बाढ़ की इस स्थिति के बीच गंभीर रूप से बीमार तीन मरीजों को तत्काल बेहतर उपचार के लिए हेलिकॉप्टर की मदद से हेडरी पहुंचाया गया। जिलाधिकारी अविश्यांत पांडा के मार्गदर्शन में प्रशासन ने यह आपातकालीन राहत अभियान चलाया। बिनागुंडा क्षेत्र में नदी-नालों में बाढ़ आने से सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसी बीच बिनागुंडा से लाहेरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराई गई सात वर्षीय संगीता चुक्कु उसेंडी को हालत गंभीर होने पर उसे रविवार को लाहेरी से हेलिकॉप्टर के जरिए हेडरी स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा अपेक्षा ऋषि आलम और रोशन चोना मडावी नामक दो अन्य मरीजों को भी आगे के उपचार के लिए हेडरी ले जाया गया। इनमें से एक मरीज को सिकल सेल की बीमारी होने की जानकारी है।
लॉयड्स मेटल्स के हेलिकॉप्टर की आपातकालीन मदद
बाढ़ के कारण सड़क मार्ग से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में क्षेत्र में चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए उपलब्ध लॉयड्स मेटल्स कंपनी के हेलिकॉप्टर का उपयोग किया गया। आदिवासी विकास परियोजना के परियोजना अधिकारी अमर राऊत और भामरागढ़ के तहसीलदार किशोर बागडे ने मरीजों के सुरक्षित स्थानांतरण के लिए आवश्यक नियोजन और समन्वय किया। मरीजों के साथ निर्मला आलाम और चीना कुड़यामी भी मौजूद थे। दुर्गम क्षेत्रों में बाढ़ के कारण सड़क संपर्क बाधित होने के बावजूद प्रशासन ने तत्काल निर्णय लेते हुए हेलिकॉप्टर के माध्यम से तीनों मरीजों को सुरक्षित रूप से आगे के उपचार के लिए पहुंचाया। इससे उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का रास्ता खुल गया।













