नागपुर। घर में अधिक पैसा रखने से और अधिक पैसा आएगा, इस अंधविश्वास के चलते वाठोडा क्षेत्र के एक युवक ने अपने घर में ही 85 लाख रुपये के नकली नोट छाप डाले। जांच में सामने आया है कि आरोपी पुष्पम कृष्णा भंडारे (29) ने ‘मैनिफेस्टिंग’ की अवधारणा से प्रभावित होकर यह कदम उठाया। पुलिस ने उसे रविवार की रात गिरफ्तार किया। अदालत ने उसे 30 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने वाठोडा थाना क्षेत्र के चैतन्यश्वरनगर स्थित एक कमरे से करीब 85 लाख रुपये के नकली नोट और नोट छापते में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जप्त की थी। जांच में पता चला कि आरोपी ने 37 लाख रुपये के नोटों की दोनों तरफ और 48 लाख रुपये के नोटों की केवल एक तरफ छपाई की थी। इसके लिए उसने कलर प्रिंटर का इस्तेमाल किया और कागज को नोटों के आकार में काटा था।
शेयर बाजार में नुकसान, कारोबार भी हुआ बंद
जांच के अनुसार, पुष्पम भंडारे का आशीर्वादनगर में कंट्रोल की दुकान थी, जो बाद में बंद हो गई। शेयर बाजार में भी उसे नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद करीब डेढ़ साल पहले उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई। आर्थिक परेशानियों के बीच उसने घर का सोना भी गिरवी रख दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 15 दिन पहले अमेज़न से ऑनलाइन कलर प्रिंटर खरीदा था। इसके अलावा उसने महल क्षेत्र से कागज की रीमें खरीदी थीं। इन्हीं सामग्रियों की मदद से उसने घर में नकली नोटों की छपाई शुरू की। फिलहाल पुलिस आरोपी के बैंक खातों और अमेज़न से खरीदी गई सामग्री के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।















