मालवाहक ट्रक से 4 करोड़ जब्त, गुप्त चैंबर में छिपाकर रखे थे नोट
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। नागपुर के रास्ते होने वाले करोड़ों रुपये के बेहिसाब हवाला कारोबार का मामला पहले भी चर्चा में रहा है。 इसी बीच, रविवार रात एक ऐसा ही मामला सामने आया, जिसने इस कारोबार को लेकर चर्चाओं को फिर हवा दे दी。 छत्तीसगढ़ के खुर्सीपार में पुलिस ने नागपुर की ओर जा रही करोड़ों रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की。 रायपुर से नागपुर जा रहे ‘बोलेरो मैक्सा’ पिकअप मालवाहक ट्रक से पुलिस ने करीब 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। यह रकम वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए एक गुप्त चैंबर में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग के बोलेरो मैक्सा पिकअप ट्रक से रायपुर से नागपुर की ओर बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने आधी रात के करीब छत्तीसगढ़ के खुर्सीपार थाना क्षेत्र के दाबरापारा इलाके में वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। ट्रक में रखी नकदी की भारी मात्रा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। शुरुआती जांच में संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी ली। इस दौरान पिकअप ट्रक के पिछले हिस्से में एक गुप्त चैंबर मिला, जिसमें भारतीय मुद्रा के नोटों का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के मुताबिक, नकदी की गिनती करने पर कुल 4 करोड़ रुपये होने की पुष्टि हुई। वाहन में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर ले जाने के मामले ने जांच एजेंसियां अचंभे में आ गईं। पुलिस ने वाहन जब्त कर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा की है कि यह नकदी कहां से लाई गई थी, किसकी है और इसे नागपुर क्यों ले जाया जा रहा था। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस ने कानून के अनुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, इस रकम के वित्तीय स्रोत की जांच के लिए आयकर विभाग को भी जानकारी दी जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त की गई नकदी किसकी है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। नागपुर से जुड़े होने के कारण इस मामले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, नकदी का मालिक कौन है, इसका स्रोत क्या है और इसके पीछे कोई गैरकानूनी गतिविधि शामिल है या नहीं, इन सभी सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेंगे।














