हर साल 7 लाख कमर्शियल वाहनों का होगा उत्पादन
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महिंद्रा एंड महिंद्रा बुटीबोरी में हर साल सात लाख से अधिक कमर्शियल वाहनों का उत्पादन करेगी। 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली इस परियोजना के लिए कंपनी को 800 एकड़ जमीन का कब्जा सौंप दिया गया है। इस परियोजना से 20 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
विदर्भ के औद्योगिक विकास को गति देने वाली महिंद्रा एंड महिंद्रा की बुटीबोरी परियोजना ने एक महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया है। ‘एडवांटेज विदर्भ 2026’ में हुए समझौता ज्ञापन के बाद महज छह महीने में जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) के क्षेत्रीय अधिकारी मनोहर पोटे और मुख्य अभियंता राजेश झिंजाल ने सोमवार को कंपनी को जमीन का कब्जा सौंपा। महिंद्रा एंड महिंद्रा की ओर से ऑटो विभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. विनय खानोलकर, ग्रीनफील्ड परियोजना के प्लांट प्रमुख नितिन वैद्य और आशिष सोडते ने जमीन का कब्जा स्वीकार किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कंपनी 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी। इससे 20 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
इस निवेश से नागपुर और विदर्भ के औद्योगिक क्षेत्र को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। वाहन निर्माण से जुड़े सहायक उद्योगों, ऑटो पार्ट्स की आपूर्ति करने वाली कंपनियों और सेवा क्षेत्र को भी इस परियोजना से लाभ मिल सकता है। इस परियोजना के लिए कंपनी को कुल 1,500 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव है। इसमें से पहले चरण में 800 एकड़ जमीन का कब्जा सौंप दिया गया है। इस जमीन के लिए कंपनी ने एमआईडीसी के पास 706 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा की है। शेष 700 एकड़ जमीन का कब्जा जल्द ही सौंपा जाएगा। इससे परियोजना के निर्माण के लिए आवश्यक आगामी प्रक्रियों में तेजी आने की उम्मीद है।











