माचुवंचा जंगल में पुलिस का बड़ा अभियान
पांच आग्नेयास्त्रों सहित भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त
लोकवाहिनी संवाददाता
गढ़चिरोली। गढ़चिरोली जिला पुलिस को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। वांगेतुरी पुलिस थाना क्षेत्र के माचुवंचा जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से पांच आग्नेयास्त्रों सहित 12 क्लेमोर, 100 सुतली बम, वायरलेस उपकरण और माओवादी वर्दी के कपड़े जब्त किए। अभियान के दौरान दो विस्फोटकों सहित विभिन्न माओवादी सामग्रियों को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, अतीत में माओवादी सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने के उद्देश्य से दुर्गम जंगलों में हथियार तथा विस्फोटक छिपाकर रखते थे।
इन सामग्रियों का इस्तेमाल माओवादी सप्ताह, चुनाव और अन्य अवसरों पर सुरक्षा बलों के खिलाफ हमलों के लिए किए जाने की आशंका रहती थी। इसी बीच पुलिस को माचुवंचा जंगल में बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक छिपाकर रखे जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। गोपनीय सूचना के आधार पर 27 अक्टूबर की सुबह गढ़चिरोली के पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान दल की चार टुकड़ियों और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की एक टीम को माचुवंचा जंगल में तलाशी अभियान के लिए रवाना किया गया। विशेष अभियान दल और सी-60 जवानों ने जंगल के संदिग्ध क्षेत्रों में तलाशी ली। इस दौरान बीडीएस के जवानों ने भी इलाके की गहन जांच की। तलाशी के दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों का पता चला।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभियान में निम्नलिखित सामग्री जिनमें, 12 क्लेमोर, एक 12 बोर रायफल, तीन सिंगल शॉट रायफल, एक एयर गन, एक बोतल में रखा विस्फोटक पदार्थ, एक जीवित क्लेमोर बिस्फोटक, एक वायरलेस माइक्रोफोन सेट, हथियार का एक लोअर हैंडगार्ड, 100 सुतली बम, माओवादी वर्दी के हरे कपड़ों की पांच जोड़ियाँ और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान के दौरान विभिन्न माओवादी सामग्रियों को घटनास्थल पर ही नष्ट किया गया। विस्फोटक सामग्री को लेकर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्यवाही
यह अभियान पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के आदेश और मार्गदर्शन में चलाया गया। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मण्डोरा, अपर निदेशक गोकुल राज जी., अपर पुलिस अधीक्षक अहरो (प्राणहिता) हर्षवर्धन बी.जे. और पुलिस उपधीक्षक (अभियान) सुनील उईके की निगरानी रही। कार्रवाई में गढ़चिरोली का विशेष अभियान दल, खुफिया प्रकोष्ठ और बीडीएस के जवान शामिल थे। पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने अभियान में शामिल जवानों की सराहना की। पुलिस की इस कार्रवाई से जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों को बरामद कर संभावित खतरे को टालने में मदद मिली।













