मध्य प्रदेश में 13 ने गंवाई जान
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। दिवाली के उल्लास के बीच देश के अलग-अलग राज्यों से आगजनी की दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आईं। पटाखों की चिंगारी और शॉर्ट सर्किट के चलते भड़की भीषण आग ने कई घरों का चिराग बुझा दिया। अलग-अलग राज्यों में हुए इन हादसों में 23 लोगों की मौत दर्ज हो गई। सबसे ज्यादा मौतें मध्य प्रदेश में हुईं, जहां तीन अलग-अलग घरों में आग लगने से 13 लोगों की जान चली गई। मध्य प्रदेश के कटनी में एक आवासीय मकान में अचानक आग भड़कने से धुएं में दम घुटने और बुरी तरह झुलसने के कारण एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो महीने के नवजात सहित तीन छोटे बच्चे भी शामिल थे। सिवनी जिले में सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से 7 लोगों की जान चली गई। इनमें एक 16 साल का किशोर भी शामिल है। वहीं राजस्थान के पाली जिले में पटाखों की एक दुकान में अचानक आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नरेला क्षेत्र में आतिशबाजी के दौरान छूटा एक रॉकेट पटाखा 10 साल के मासूम के पेट में जा लगा। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
धाराशिव में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
महाराष्ट्र के धाराशिव तहसील के येडशी गांव में एक किराना दुकान में भीषण आग लग जाने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। बताया जाता है कि येडशी गांव में गोविंद करांडे की करांडे किराना एंड जनरल स्टोर नाम से दुकान है। इसी दुकान की ऊपरी मंजिल पर करांडे परिवार रहता था। घटना के समय घर में परिवार के लोग मौजूद थे। आधी रात को दुकान में आग लगी ने विकराल रूप धारण कर लिया। वहीं ऊपरी मंजिल पर सो रहे परिवार को बचने का मौका ही नहीं मिला। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया है। यह घटना सुबह करीब 2.30 बजे हुई जब परिवार बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर सो रहा था।
















