अक्टूबर में प्याज, लहसुन और अदरक के दामों में भारी उछाल
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। देश में खुदरा महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 प्रतिशत थी. खासतौर पर प्याज की कीमतों में भारी उछाल ने आम परिवारों का रसोई बजट प्रभावित किया है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में अखिल भारतीय उपभोक्ता खाद्य मूल्य सूचकांक (सीएफपीआई) पर आधारित खाद्य महंगाई दर 8.94 प्रतिशत रही, जो सितंबर के 7.74 प्रतिशत से अधिक है. अक्टूबर में प्रमुख खाद्य वस्तुओं में प्याज सबसे अधिक महंगा हुआ. प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 116.22 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सितंबर में यह दर 108.13 प्रतिशत थी.
लहसुन की महंगाई दर भी सितंबर के 54.62 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 60.74 प्रतिशत हो गई. इसके अलावा, सब्जियों और मसालों की बढ़ती कीमतों ने भी चिंता बढ़ाई है. अदरक की कीमतों में 48.32 प्रतिशत और नींबू की कीमतों में 47.30 प्रतिशत की महंगाई दर्ज की गई. हालांकि, कुछ सब्जियों की कीमतों में गिरावट भी आई है. अक्टूबर में आलू की कीमतें सालाना आधार पर 14.24 प्रतिशत सस्ती रहीं. सितंबर में इसमें 11.52 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी. फूलगोभी के दाम 10.57 प्रतिशत और नारियल के दाम 5.60 प्रतिशत घटे. बैंगन और पत्तागोभी की कीमतों में भी क्रमशः 3.34 प्रतिशत और 1.92 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई.
आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्रों की खुदरा महंगाई दर 6.63 प्रतिशत रही, जबकि शहरी इलाकों में यह 5.41 प्रतिशत दर्ज की गई. सितंबर में ग्रामीण महंगाई दर 6.08 प्रतिशत और शहरी महंगाई दर 4.88 प्रतिशत थी. खाद्य महंगाई के मामले में भी ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ोतरी अधिक रही. ग्रामीण खाद्य महंगाई सितंबर के 8.06 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 9.09 प्रतिशत हो गई. वहीं, शहरी खाद्य महंगाई दर 7.18 प्रतिशत से बढ़कर 8.68 प्रतिशत पर पहुंच गई.

















