न्यूयॉर्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है और उन्होंने देश में भारी बेरोजगारी, कमजोर हो चुके विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली में मौजूद गहरी समस्याओं पर चिंता जताते हुए आगाह किया कि यदि भारत मौजूदा आर्थिक नीतियों पर आगे बढ़ता रहा, तो उसे गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। कांग्रेस नेता ने मंगलवार को यहां कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत के आर्थिक मॉडल ने करीब एक दशक पहले ही अपेक्षित परिणाम देना बंद कर दिया था। उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये योजनाएं देश की कमजोर हो चुकी आर्थिक बुनियाद को फिर से मजबूत करने में नाकाम रही हैं। गांधी ने कहा, सीधी बात यह है कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। यही वास्तविकता है। आप इसे नजरअंदाज कर सकते हैं, मीडिया भी इसे अनदेखा कर सकती है, लेकिन सच्चाई यह है कि भारत बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है।
देश की शिक्षा प्रणाली में भी व्यापक समस्याएं हैं। मंगलवार सुबह न्यूयॉर्क पहुंचे गांधी ने विश्वविद्यालय में सैकड़ों छात्रों और शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छोटे और मझोले व्यवसाय तथा कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और रोजगार सृजन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने देश के विनिर्माण क्षेत्र को दोबारा मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। गांधी ने कहा, भारतीय अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ छोटे और मझोले व्यवसाय और कृषि हैं। छोटे और मझोले व्यवसाय रोजगार पैदा करने का प्रमुख माध्यम हैं। भारत के लिए ये दोनों क्षेत्र बुनियादी जरूरत हैं लेकिन अर्थव्यवस्था की रीढ़ कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि केवल सेवा क्षेत्र के भरोसे देश की विशाल आबादी को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा सकता। कांग्रेस नेता ने कहा, आप केवल सेवा क्षेत्र के माध्यम से पर्याप्त लोगों को रोजगार नहीं दे सकते।
इससे एक, दो, तीन या पांच प्रतिशत लोगों को अवसर मिल सकते हैं, लेकिन सभी के भविष्य को सुरक्षित नहीं किया जा सकता। हमने तो मानो यह तय कर लिया है कि हमें विनिर्माण की जरूरत ही नहीं है। गांधी ने देश में निजी निवेश की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी जैसे कुछ बड़े उद्योगपतियों के कारोबारी समूह ही लगातार विस्तार कर रहे हैं, जबकि छोटे व्यवसायों को संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया, भारत में निजी निवेश क्यों नहीं हो रहा है? देश में केवल (गौतम) अदाणी और (मुकेश) अंबानी जैसे कारोबारी समूह ही क्यों आगे बढ़ रहे हैं? आखिर अदाणी टाटा समूह पर लगभग पूरी तरह कब्जा क्यों करते जा रहे हैं? गांधी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने वर्षों की मेहनत से जिस आर्थिक ढांचे को खड़ा किया था, उसे कमजोर कर दिया गया है।
















