भाजपा को झटका; शिंदे गुट की शिवसेना के तानाजी पाटिल उपाध्यक्ष
लोकवाहिनी, संवाददाता
सांगली। जिला बैंकों के संचालक पदों के चुनाव के बाद अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव हो रहे हैं। सातारा में भाजपा को झटका देते हुए मंत्री शंभूराज देसाई ने अध्यक्ष पद के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस को मौका दिया। यहां राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता उदयसिंह पाटिल उंडालकर अध्यक्ष चुने गए, जबकि शिवसेना के पूर्व विधायक दीपक चव्हाण जिला बैंक के उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसके बाद अब सांगली में भी भाजपा को झटका लगा है। राज्य में बेहद रोमांचक रहे सांगली जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए। बैंक के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के नेता महेंद्र लाड चुने गए, जबकि उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी एकनाथ शिंदे की शिवसेना के तानाजी पाटिल को मिली। इस जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और उन्होंने गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया।
सांगली जिला बैंक में 22 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। विश्वजीत कदम के नेतृत्व में बैंक पर कांग्रेस ने अपना दबदबा स्थापित किया है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में महाविकास आघाड़ी और महायुति के बीच समझौता होने के कारण दोनों पदों पर निर्विरोध चयन हुआ। गौरतलब है कि सांगली जिला बैंक के चुनाव में 21 संचालक पदों में भाजपा महायुति और कांग्रेस महाविकास आघाड़ी, दोनों गुटों को 10-10 सीटें मिली थीं। ऐसे में निर्दलीय उम्मीदवार संजय काका पाटिल किंगमेकर की भूमिका में आ गए थे। इसलिए सभी की निगाहें इस बात पर थीं कि बैंक का अध्यक्ष पद आखिर किसके खाते में जाएगा। जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की मतगणना पूरी होने के बाद पहले निर्विरोध चुने गए 15 संचालकों और अब निर्वाचित हुए छह संचालकों को मिलाकर कुल 21 संचालक चुने गए हैं। इनमें कांग्रेस के नेतृत्व वाले पैनल को छह, भाजपा के नेतृत्व वाले पैनल को पांच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पैनल को चार, शिवसेना को तीन और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस को दो सीटें मिली हैं।















