टोकने पर रुकीं शिवसेना नेता शाइना एनसी, राउत बोले- जहां भी ये दिखें, इनकी पिटाई करो
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। लेकिन पार्टी नेताओं की एक गलती ने बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की पार्टी नेता शाइना एनसी ने गलती से शिवसेना के संस्थापक बालसाहब ठाकरे की एक तस्वीर फाड़ दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और कांग्रेस ने शिवसेना संस्थापक का अपमान करने के आरोप में शाइना एनसी पर निशाना साधा है।
इस पर शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने शिवसेना नेताओं पर बालासाहेब ठाकरे के अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक्स पर लिखा- जहां भी ये लोग दिखें, इनकी पिटाई करो। शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे सहित शिवसेना नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़ दिए और प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से मांग की कि वे किताब के 201वें और 443वें पन्ने पर दिए गए अंशों को हटा दें। हालांकि, किताब के पन्ने फाड़ते समय, शाइना एनसी से गलती से बालसाहब ठाकरे की एक तस्वीर फट गई। इस तस्वीर में बाल ठाकरे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले को चप्पलों से मारते हुए दिख रहे थे। पार्टी के नेता संजय निरुपम ने जब शाइना एनसी को ऐसा करते देखा तो उन्होंने तुरंत शाइना को उनकी गलती बताई। इसके बाद शाइना एनसी ने उस फटी हुई तस्वीर को कागजों के नीचे छिपा दिया। शिवसेना नेताओं ने दावा किया कि फटी हुई तस्वीर में मणिशंकर अय्यर थे, न कि बाल ठाकरे। हालांकि, इस घटना पर विवाद बढ़ने के बाद शाइना एनसी ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने बालासाहेब का नहीं, बल्कि मणिशंकर अय्यर का फोटो फाड़ा था।
















