कामठी की फैक्ट्री और 5 लाख से अधिक का माल सील
सड़ी हल्दी, मिर्च और धनिया में मिलाया जा रहा था भूसा और चोकर
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ नवीन कामठी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शिरपुर के जगदंबा ले-आउट परिसर में करीब एक साल से अवैध रूप से संचालित मिलावटी हल्दी, मिर्च और धनिया पाउडर बनाने वाली फैक्ट्री पर पुलिस ने गुरुवार दोपहर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पांच लाख रुपये से अधिक का माल, मशीनरी और कच्चा माल जब्त कर फैक्ट्री को सील कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री का संचालन ईंट भट्ठी चौक, बिनाकी मंगलवारी निवासी नरेंद्र राधेश्याम केशरवाणी (53) और उसका बेटा योगेंद्र नरेंद्र केशरवाणी द्वारा किया जा रहा था। आरोप है कि दोनों पिछले एक साल से बिना अनुमति मिलावटी मसालों का निर्माण कर नागपुर शहर और जिले के विभिन्न गांवों में उनकी बिक्री कर रहे थे। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में नरेंद्र केशरवाणी, उसका बेटा योगेंद्र और तीन कर्मचारी धनिया पाउडर में जानवरों को खिलाया जाने वाला चावल का चोकर, भूसी और मक्के का पाउडर मिलाकर उसकी पैकिंग करते हुए मिले। मिलावट वाले मसालों को रंग देकर अच्छी गुणवत्ता के ब्रांडेड उत्पादों की तरह पैक किया जाता था और बाजार में बेचा जाता था। गुप्त सूचना के आधार पर नवीन कामठी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश आंधले के नेतृत्व में टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की निरीक्षक स्मिता बाभरे को भी सूचना दी गई। वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और हल्दी, मिर्च तथा धनिया पाउडर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे।
पुलिस ने मौके से मालवाहक चारपहिया वाहन क्र. एमएच-31-सीवाई-1165, मोटरसाइकिल क्र. एमएच-49-एटी-4906, मसाला बनाने की मशीनें और हल्दी, मिर्च व धनिया पाउडर का भारी कच्चा स्टॉक सील किया है। जब्त माल की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने नरेंद्र राधेश्याम केशरवाणी और योगेंद्र नरेंद्र केशरवाणी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश आंधले, पुलिस उपनिरीक्षक विकास तिडके, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की निरीक्षक स्मिता बाभरे और शिरपुर के पुलिस पाटिल भूषण वानखेड़े ने अंजाम दिया।
















