नगर परिषदों के विकास कार्यों को गति दें, प्रस्तावों को तत्काल मंजूरी दिलाएं
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने पेयजल संकट से निपटने के लिए स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया तत्काल पूरी कर काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपलब्ध निधि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्रवार जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने और नियोजन के तहत प्राप्त निधि का उचित उपयोग करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलसंकट निवारण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
जिले में संभावित सूखे की स्थिति को देखते हुए नगर परिषदों और नगर पंचायतों के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत कर उन्हें प्रशासनिक मंजूरी दिलाई जाए। साथ ही स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और विकास आराखड़ों को मंजूरी दिलाने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएं। जिलाधिकारी कार्यालय के छत्रपति सभागृह में नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निवासी उपजिलाधिकारी अनूप खांडे, नगर प्रशासन विभाग के सहआयुक्त विनोद जाधव सहित सभी नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों के मुख्याधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने मुख्याधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नगर पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करें। सड़क, जलापूर्ति, ड्रेनेज और विद्युत व्यवस्था से संबंधित कार्य निर्धारित योजना एवं गुणवत्ता के अनुसार हो रहे हैं या नहीं, इसकी जांच करें। कार्यों में किसी प्रकार की खामी मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। वाडी, हिंगना, नरखेड और उमरेड नगर परिषदों को विकास आराखड़ों की मंजूरी के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिए गए। वहीं बुटीबोरी और गोधनी नगर परिषदों को चुनावी प्रभागों के नक्शे के अनुसार प्रमाणित कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया। रामटेक और मौदा नगर परिषदों को जिला नियोजन एवं विकास निधि के तहत विकास कार्यों के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।














