विदर्भ के पदाधिकारियों को शामिल न होने के निर्देश
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार के प्रस्तावित न्यायदंड ट्रैक्टर मोर्चा को लेकर पार्टी के भीतर ही असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। चर्चा है कि विदर्भ के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस आंदोलन में शामिल नहीं होने के निर्देश दिए गए हैं। इससे रोहित पवार और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के बीच संभावित मतभेदों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, रोहित पवार ने रविवार, 22 नवंबर को नागपुर में विदर्भ के ग्रामीण एवं शहरी जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी। इसमें ट्रैक्टर मोर्चे की तैयारियों पर चर्चा हुई।
हालांकि, बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर से पदाधिकारियों को प्रदेश कार्यालय से मिलने वाले आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा गया। साथ ही रोहित पवार के किसी भी आंदोलन या अभियान में शामिल नहीं होने की हिदायत दिए जाने की चर्चा है। इस घटनाक्रम से पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस बढ़ गया है।
महायुति में शामिल होने की चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा घटनाक्रम
राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) के एनडीए अथवा महाराष्ट्र की महायुति सरकार में शामिल होने की चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। रोहित पवार पहले भी सत्ता में शामिल होने के विचार का विरोध कर चुके हैं। उनका कहना रहा है कि यदि पार्टी ऐसा निर्णय लेती है तो वे अपना अलग रास्ता चुन सकते हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
4 दिसंबर को शेगांव से शुरू होगा ट्रैक्टर मोर्चा
पार्टी के भीतर कथित असहमति के बावजूद रोहित पवार ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 4 दिसंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव से न्यायदंड ट्रैक्टर मोर्चा शुरू होगा। यह मोर्चा बुटीबोरी होते हुए 9 दिसंबर को नागपुर पहुंचेगा। इसके बाद शीतकालीन अधिवेशन के दौरान विधान भवन तक पहुंचकर किसानों और मजदूरों की मांगें सरकार के सामने रखी जाएंगी। मोर्चे के माध्यम से प्रमुख रूप से चार मांगें उठाई जाएंगी – पिछले वर्ष अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए घोषित आर्थिक सहायता तत्काल वितरित की जाए। माइक्रो फाइनेंस कंपनियों की कर्ज वसूली पर अगले दो वर्षों तक रोक लगाई जाए। खेत मजदूरों के लिए स्वतंत्र रोजगार गारंटी योजना लागू की जाए। मछुआरों को भी सरकार की ओर से पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जाए।
कांग्रेस और उबाठा से समर्थन जुटाने की कोशिश
नागपुर में हुई बैठक के दौरान रोहित पवार ने दावा किया था कि यह मोर्चा शरद पवार के मार्गदर्शन में निकाला जा रहा है। उन्होंने आंदोलन को व्यापक समर्थन दिलाने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से भी चर्चा करने की बात कही थी। अब विदर्भ के पदाधिकारियों को आंदोलन से दूर रहने के कथित निर्देशों के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। आगामी दिनों में पार्टी नेतृत्व की भूमिका और ट्रैक्टर मोर्चे को मिलने वाले समर्थन पर सभी की नजरें रहेंगी।














