नागपुर। महाराष्ट्र के विभिन्न सरकारी विभागों में विकास कार्य पूरा करने के बावजूद ठेकेदारों के करोड़ों रुपये के बिल लंबे समय से लंबित हैं। भुगतान नहीं मिलने से ठेकेदारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र स्टेट गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस बैठक में लंबित भुगतान, निधि की उपलब्धता और प्रशासनिक अड़चनों सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। फेडरेशन के अनुसार, मुख्यमंत्री ने ठेकेदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और सकारात्मक भूमिका दिखाई। हालांकि, लंबित बिलों का भुगतान कब तक होगा, इसे लेकर कोई निश्चित समयसीमा सामने नहीं आई है।
कई सरकारी विभागों के बिल लंबित
मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD), जलसंपदा, जलसंधारण, जिला परिषद और अन्य सरकारी विभागों में काम करने वाले ठेकेदारों के लंबित बिलों का मुद्दा उठाया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि विभिन्न विकास कार्य पूरे करने के बाद भी समय पर भुगतान नहीं मिलने से ठेकेदारों का आर्थिक गणित बिगड़ रहा है।















