नागपुर। मनपा क्षेत्र में सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों, चौराहों और यातायात के लिए आरक्षित स्थानों पर बढ़ते अवैध अतिक्रमणों को देखते हुए मनपा प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने सभी अतिक्रमणकारियों से अपने कब्जे स्वयं हटाने की अपील की है। ऐसा नहीं करने पर महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम, 1949 की धारा 226, 229, 230 और 231 के तहत कार्रवाई की जाएगी। मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने संबंधितों से तत्काल अतिक्रमण हटाने का आह्वान किया है। मनपा के अनुसार, सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और सड़क किनारे की जगहों पर अवैध रूप से बनाई गई दुकानें, टपरियां, शेड, मंडप, हाथठेले, फेरीविक्रेताओं के स्थान, विज्ञापन बोर्ड, स्टॉल, बेंच, कुर्सियां, बिक्री का सामान और निर्माण सामग्री सहित सभी स्थायी एवं अस्थायी संरचनाएं अतिक्रमण की श्रेणी में आती हैं। इन अतिक्रमणों के कारण पैदल चलने वालों को फुटपाथ का उपयोग करने में परेशानी हो रही है। साथ ही यातायात बाधित होने, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने और शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
बिना अनुमति सार्वजनिक जगह पर कब्जा गैरकानूनी
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कें और फुटपाथ नागरिकों के सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। इन पर अनधिकृत कब्जा करना कानूनन अपराध है। सभी दुकानदारों, हाथठेला चालकों, फेरीवालों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपने कब्जे का सामान तत्काल हटाकर सार्वजनिक स्थान खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। मनपा की सक्षम अनुमति के बिना सड़क, फुटपाथ, चौराहे, नाले अथवा सार्वजनिक खुली जगह पर कोई निर्माण या स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं होगी। मनपा द्वारा निर्धारित समयसीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर अतिक्रमण विरोधी निष्कासन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कानूनी प्रावधानों के अनुसार बिना अतिरिक्त नोटिस के हाथठेले, स्टॉल, बिक्री सामग्री और अन्य अवरोधों को जब्त कर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। जहां अलग से वैधानिक प्रक्रिया आवश्यक होगी, वहां उसका पालन किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने में मनपा को होने वाला खर्च, नियमानुसार जुर्माना, शुल्क और अन्य देय राशि संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति से वसूल की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधितों के खिलाफ आपराधिक एवं अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
मनपा प्रशासन ने कहा है कि नागपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और फेरीविक्रेताओं से अपील की गई है कि वे कार्रवाई की नौबत आने से पहले स्वयं अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें।
अवैध होर्डिंग-बैनर लगाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
महानगरपालिका ने शहर में अनधिकृत होर्डिंग, बैनर, फ्लेक्स, पोस्टर और अन्य विज्ञापन लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। मनपा ने सार्वजनिक सूचना जारी कर नागरिकों, राजनीतिक दलों, सामाजिक-सांस्कृतिक एवं धार्मिक संस्थाओं, विज्ञापन एजेंसियों, प्रिंटिंग प्रेस और कार्यक्रम आयोजकों से नियमों का पालन करने की अपील की है। मनपा के अनुसार, शहर की सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों, चौक, उद्यानों, विद्युत खंभों, पेड़ों, पुलों, दीवारों और अन्य सार्वजनिक या निजी संपत्तियों पर बिना अनुमति होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, झंडे, कमान या विज्ञापन लगाना प्रतिबंधित है। महाराष्ट्र मालमत्ता विद्रूपण प्रतिबंध अधिनियम, 1995 की धारा 3 के तहत ऐसा करना दंडनीय अपराध है। इसमें तीन महीने तक की कैद या 2,000 रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों सजा का प्रावधान है। इसके अलावा महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम, 1949 की धारा 245 के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है।
लोक भवन में 5 हजार पौधारोपण के प्रस्ताव पर जांच के आदेश
महानगरपालिका प्रशासन द्वारा सदर स्थित लोक भवन परिसर में 29.3 लाख रुपये की लागत से 5,000 पौधे लगाने के प्रस्ताव पर स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रस्ताव को लौटा दिया है। साथ ही टेंडर की शर्तों में ढील देने सहित अन्य पहलुओं की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर, मध्य नागपुर के गांधीबाग झोन में उद्यान विभाग द्वारा पौधारोपण और इसके लिए खर्च की गई निधि को लेकर भी आक्षेप उठाए गए हैं। इस मामले में अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गुरुवार को स्थायी समिति की बैठक में पौधारोपण के लिए 29.3 लाख रुपये का प्रस्ताव रखा गया था। इस पर स्थायी समिति सदस्य एवं कांग्रेस के नगरसेवक अभिजीत झा ने विरोध जताया। उनके अनुसार, लोक भवन परिसर में 5,000 पौधे लगाने के लिए 29.3 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है। इस हिसाब से शहर में 5 लाख पौधे लगाने पर 5 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की आशंका है। उन्होंने पौधारोपण अभियान में नियमों के उल्लंघन का मुद्दा उठाते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
मनपा की आमसभा आज
नागपुर। करीब दो माह के अंतराल के बाद शुक्रवार, 27 नवंबर को महानगरपालिका की आमसभा का आयोजन कवि सुरेश भट सभागृह में किया जा रहा है। 16 सितंबर के बाद होने जा रही इस आमसभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाएंगे। संभावना जताई जा रही है कि कवि सुरेश भट सभागृह में यह मनपा की अंतिम आमसभा हो सकती है। अगले माह तक नए टाउन हॉल का लोकार्पण होने की उम्मीद है। शुक्रवार को आमसभा में संपत्ति कर की पुरानी दरों को ही मान्य रखने का प्रस्ताव रखा जाएगा। हालांकि, शहर में पिछले 11 वर्षों से संपत्ति कर में बढ़ोतरी नहीं होने के कारण मनपा की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ा है। इसके बावजूद पिछले आर्थिक वर्ष 2025-26 में लागू कर दरों को ही वर्ष 2026-27 में जारी रखने का प्रस्ताव है।


















