बीड:महाराष्ट्र के सोलापुर–धुले महामार्ग पर पाचोड से येडशी के बीच लूटमार की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हाईवे पर खड़े या धीमी गति से चल रहे वाहनों को रोककर यात्रियों को धमकाने, लूटने और ट्रैवल्स की छत पर रखे बैग उड़ाने की घटनाएँ तेजी से बढ़ी हैं। बीड पुलिस ने इस गंभीर मुद्दे को ध्यान में रखते हुए विशेष मोहिम शुरू की है। हाईवे पर हो रही इन वारदातों को अंजाम देने वाले गैंग की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने हॉटेल संचालकों की मदद लेते हुए सभी सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यात्रियों से भी सावधानी बरतने की अपील की है।
पुलिस जांच में जानकारी मिली है कि जिस जगह ट्रैवल्स बस भोजन के लिए रुकती है, बस आगे बढ़ने पर कुछ दूरी पर छत पर छिपे चोर बैग नीचे फेंक देते हैं, जहाँ उनके साथी खड़े रहते हैं। बाद में यह गैंग बैग से कीमती सामान निकालकर फरार हो जाता है. कई मामलों में बाइक सवार आरोपी चलते वाहन के पीछे से आते हैं, और सीढ़ी के सहारे बस की छत पर चढ़ते हैं और बैग लंपास कर लेते हैं। इसके अलावा, रात के समय दूसरे राज्यों से आने वाले यात्री अक्सर बंद पड़े होटलों के सामने वाहन रोककर आराम करते हैं—जहाँ चाकू दिखाकर लूटपाट की घटनाएँ भी बढ़ रही हैं।











