लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल, गोवा, राजस्थान, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) की प्रक्रिया के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। ड्राफ्ट रोल में सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 58 लाख वोटरों के नाम हटाए गए हैं। जिन वोटरों के नाम नए ड्राफ्ट रोल में शामिल नहीं हैं, या तो उनकी मौत हो चुकी है या फिर वे कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं।
वहीं, राजस्थान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के तहत लगभग 42 लाख नाम सूची से हटा दिए गए हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी नवीन महाजन ने मंगलवार को बताया कि राज्य में कुल 5.46 करोड़ मतदाताओं में से 41.85 लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्र जमा नहीं किए जा सके क्योंकि या तो उनका निधन हो चुका है, या वे स्थायी रूप से कहीं और चले गए हैं।
उधर गोवा में 11 लाख 85 हजार 34 कुल मतदाताओं में से करीब 1 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाए गए। गोवा में कुल मतदाताओं में से 10,84,992 लोगों ने अपना फॉर्म सबमिट किया, जबकि 1,00,042 लोगों का नाम ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है।
पुडुचेरी में 85 हजार वोटरों के नाम काटे गए हैं और लक्षद्वीप में SSR की प्रक्रिया 4 नवंबर से शुरू होकर 11 दिसंबर तक चली थी। इस दौरान 57,813 में से 56,384 लोगों ने अपना फॉर्म सबमिट किया है, यानी नई ड्राफ्ट लिस्ट में 1429 लोगों का नाम शामिल नहीं है। ड्राफ्ट रोल जारी होने के बाद योग्य वोटर 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक फिर से आवेदन कर सकते हैं।इसके साथ ही घर-घर जाकर जानकारी जुटाने का काम पूरा हो गया है। गोवा और लक्षद्वीप में भी आज मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा।











