लोकवाहिनी संवाददाता :नागपुर। महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में महायुति के निर्णायक प्रदर्शन के बाद, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस बात पर जोर दिया कि गठबंधन ने राज्य से महाविकास आघाडी का पूरी तरह से सफाया कर दिया है। नागपुर में एक कार्यक्रम में बोलते हुए, फडणवीस ने दावा किया कि लगभग 75 प्रतिशत नगर निगम अध्यक्ष महायुति गठबंधन से चुने गए हैं; वहीं, महाविकास अघाडी केवल 50 सीटें ही जीत पाई है।
फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव परिणामों में भाजपा नंबर एक पार्टी है। महायुति गठबंधन ने 75% नगर परिषद अध्यक्षों को निर्वाचित किया है। महाविकास अघाडी से कुल 50 अध्यक्ष चुने गए, जबकि महायुति से 210 अध्यक्ष चुने गए। हमने महाविकास आघाडी का सफाया कर दिया है। भाजपा का स्ट्राइक रेट सबसे अधिक 65% रहा है।
रविवार को घोषित परिणामों में भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकापा) के सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव में शानदार जीत हासिल करते हुए इन स्थानीय निकायों में अध्यक्ष की 210 सीटों पर कब्जा किया। दूसरी ओर, विपक्षी गुट महाविकास आघाडी 44 सीटों तक सीमित रह गया।
राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) के अनुसार, भाजपा ने नगर अध्यक्ष के 117 पदों पर जीत दर्ज की, जबकि गठबंधन सहयोगी शिवसेना को 53 और राकापा को 37 सीटों पर सफलता मिली। वहीं कांग्रेस के खाते में 28 सीटें आईं, जबकि शिवसेना (यूबीटी) ने नौ और राकापा (शरद पवार) ने सात पदों पर जीत हासिल की। मुख्यमंत्री ने रामगिरी में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नगर परिषदों के नवनिर्वाचित सदस्यों और अध्यक्षों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नागपुर जिले में विपक्ष के किले को ध्वस्त कर दिया है।
फडणवीस ने कहा, रविवार के नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा महाराष्ट्र की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा के 3,000 से अधिक पार्षद निर्वाचित हुए हैं। राज्य की जनता ने विकास को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा, नागपुर जिले में भाजपा ने कई नगर परिषदों को कांग्रेस-मुक्त किया है। राज्य सरकार जिले में बड़े विकासात्मक बदलाव लाएगी। फडणवीस ने साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से इस बड़ी जीत के कारण अहंकार में न आने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि महायुति को मिले इस प्रचंड जनादेश से पार्टी के हर कार्यकर्ता को महाराष्ट्र की जनता के लिए और अधिक काम करने को लेकर प्रेरित होना चाहिए। इस दौरान, राज्य के राजस्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री फडणवीस की ‘डबल इंजन’ सरकार पर भरोसा जताने के लिए नागपुर जिले के लोगों का आभार जताया।











