एलावेनिल वलारिवन ने जीते डबल सिल्वर : सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद को भी रजत, दोनों पदक राइफल शूटिंग में, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भी मेडल पक्का
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागोया। एलावेनिल वलारिवन के शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को यहां एशियाई खेलों में अपने पदकों का खाता निशानेबाजी में दो रजत के साथ खोला जबकि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में अप्रत्याशित रूप से पदक पक्का किया और लगातार दूसरी बार महिला क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीतने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया। दिन के कुछ अन्य उल्लेखनीय प्रदर्शनों में पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीम की शुरुआती मुकाबले में बड़ी जीत के साथ-साथ बैडमिंटन और टेबल टेनिस की टीम स्पर्धाओं में शानदार शुरुआत शामिल रही। हालांकि 27 वर्षीय वलारिवन दिन की स्टार रहीं। अपने पिछले दो एशियाई खेलों में पदक से चुकने वाली वलारिवन ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया। 2025 विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता वलारिवन ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में 252.4 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। वह स्वर्ण पदक जीतने वाली जापान की हिनाता ताइची से महज 0.6 अंक पीछे रहीं।
ताइची ने 253.0 अंक के साथ एशियाई खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले वलारिवन ने सोनम उत्तम मस्कर और एशियाई खेलों में पदार्पण कर रहीं विदर्सा विनोद के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में भी दूसरा स्थान हासिल किया। वलारिवन का शानदार प्रदर्शन 36 वर्षीय सुचिका तारियाल के महिला 60 किग्रा वर्ग के ‘मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स’ (एमएमए) सेमीफाइनल में पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद आया। इस खेल विधा को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। तारियाल ने क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तान्चिचमेग बैंगल्मा को 2-0 से हराकर कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया। तारियाल ने जूडो में भी हाथ आजमाया है और भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं। उन्होंने 12 साल की उम्र में सड़क पर होने वाली छेड़छाड़ के सदमे से निपटने के लिए इस मार्शल आर्ट को सीखना शुरू किया था।
महिला टी20 क्रिकेट
भारत फाइनल में वहीं निशियन शहर में गत चैंपियन भारत ने महिला टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में लगातार दूसरी बार जगह बनाकर पदक पक्का किया। टीम ने बांग्लादेश को 114 रन से करारी शिकस्त देकर स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह बनाकर भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित किया। शेफाली वर्मा ने 49 गेंद में नाबाद 100 रन की पारी खेलकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना पहला शतक जड़ा जिससे भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 195 रन का मजबूत स्कोर बनाया। इसके जवाब में बांग्लादेश ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर आउट हो गई। बांग्लादेश के खिलाफ रन के लिहाज से यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। भारत अब मंगलवार को स्वर्ण पदक के मुकाबले में श्रीलंका से भिड़ेगा। पिछले एशियाई खेलों में भी फाइनल इन्हीं दोनों टीम के बीच हुआ था।
प्रधानमंत्री ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उनके शानदार प्रदर्शन का जिक्र करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर राइफल महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर एलावेनिल वलारिवन को बधाई। यह दिन का उनका दूसरा पदक था, यह उपलब्धि और भी खास हो जाती है। उनके आगामी प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं। उन्होंने कहा, कड़ी मेहनत और ‘टीमवर्क’ शानदार नतीजे देते हैं। एशियाई खेल 2026 की महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली सोनम उत्तम मस्कर, एलावेनिल वलारिवन और विदर्सा के विनोद पर गर्व है।
महिला हॉकी टीम की बड़ी जीत वहीं काकामिगहारा में भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीम ने पूल के शुरुआती मैच में बड़ी जीत दर्ज की। दीपिका ने शानदार खेल का नमूना पेश करते हुए आठ गोल दागे जिससे भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल बी में अपने पहले मैच में कमजोर उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी जबकि पुरुष टीम ने दिलप्रीत सिंह के चार गोल की मदद से इंडोनेशिया को 13-1 से शिकस्त दी।













