भाजपा प्रत्याशी को 19324 वोट से हराया, मप्र के दतिया में कांग्रेस, गुजरात में भाजपा जीती
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे सोमवार को घोषित हुए। बिहार के बांकीपुर में नितिन नवीन की सीट पर प्रशांत किशोर जीत गए हैं। एमपी के दतिया में कांग्रेस और गुजरात में भाजपा जीत गई है। बिहार में जन सुराज पार्टी के फाउंडर प्रशांत किशोर 19,324 वोटों से जीते हैं। प्रशांत को 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले हैं। बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट है। वे यहां से लगातार 5 बार विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। काउंटिंग के दौरान चुनाव आयोग की वेबसाइट पर कुछ गड़बड़ देखने को मिली। सुबह से वेबसाइट पर 31 राउंड की काउंटिंग बताई जा रही थी। 31 राउंड पूरे होते ही पहले 32 और फिर 36 राउंड काउंटिंग दिखाई जाने लगी। बाद में फिर 32 राउंड की काउंटिंग दिखा दी गई। किशोर की जीत को उनकी पार्टी से बाहर के कई नेताओं ने भी भाजपा के अहंकार के लिए सबक करार दिया।
इनमें जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव तथा भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल हैं। भाकपा (माले) लिबरेशन विपक्षी इंडिया गठबंधन की सहयोगी पार्टी है। तीस जुलाई को हुए मतदान से पहले कई दिनों तक प्रशांत किशोर और भाजपा की ओर से जोरदार चुनाव प्रचार किया गया था। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चुनावी अनियमितताओं के आरोप लगाए और इस संबंध में निर्वाचन आयोग का भी रुख किया। 1970 के दशक के जेपी आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने कहा, बांकीपुर के उपचुनाव को हाल के छात्र आंदोलनों में दिखी भाजपा के प्रति व्यापक असंतोष की पृष्ठभूमि में देखा जाना चाहिए। साथ ही प्रशांत किशोर को भी इसका श्रेय दिया जाना चाहिए, जिन्होंने असाधारण ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
इधर, एमपी के दतिया में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने 6,016 वोटों से जीत दर्ज की। भाजपा ने यहां पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। आशुतोष नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ पर भी नहीं जीत पाए। गुजरात के मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव मैं सोमवार को भाजपा ने जीत दर्ज कर यह सीट अपने पास बरकरार रखी। भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 30 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, मतगणना के सभी 20 दौर पूरे होने के बाद सतीश पटेल को 55,481 मत मिले, जबकि भीखाभाई रबारी को 24,851 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार भाजपा उम्मीदवार ने 30,630 मतों के अंतर से यह जीत हासिल की। मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे वडोदरा के मकरपुरा क्षेत्र में स्थित भवन्स स्कूल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। गौरतलब है कि 30 जुलाई को हुए उपचुनाव में 37.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। यह उपचुनाव भाजपा एवं गुजरात के पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण आवश्यक हो गया था। योगेश पटेल का लंबी बीमारी के कारण दो जून को निधन हो गया था।











