मुंबई। बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद पुलिस ने पूरे परिसर को खाली करवा दिया है। पुलिस की टीम ने हाईकोर्ट के चप्पे-चप्पे की जांच की। मुंबई स्थित बॉम्बे हाईकोर्ट के अलावा बांद्रा और एस्प्लेनेड कोर्ट को भी बम धमाके का ईमेल आया था। मुंबई पुलिस आयुक्त के अनुसार बम की धमकी कई अदालतों और बैंकों को ईमेल के जरिए भेजी गई थी।
इससे पहले भी बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। 19 और 12 सितंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में बम धमकी के बाद जांच की गई थी। गुरुवार को जब कोर्ट को खाली कराया गया तब हाईकोर्ट में कामकाज शुरू हो चुका था।
मुंबई पुलिस कमिश्नर के अनुसार बम की धमकी मिलने के बाद तत्काल मुंबई के फोर्ट इलाके में बॉम्बे हाईकोर्ट के परिसर को खाली कराया गया था। मुंबई की दूसरी अदालतों (बांद्रा, अंधेरी और दक्षिण मुंबई में एस्प्लेनेड-किला कोर्ट) को भी बम की धमकियां मिलीं और पुलिस ने कोर्ट परिसर में बम डिटेक्शन यूनिट तैनात की। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने कहा कि बम की धमकी कई अदालतों और बैंकों को ईमेल के जरिए दी गई थी। कमिश्नर ने मुंबई वालों को भरोसा दिलाया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस और बम डिटेक्शन स्क्वॉड ने धमकी वाले इलाकों को खाली करा लिया है और उनकी अच्छी तरह से जांच की है।











