हैदराबाद | भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने मंगलवार को ऊर्जा क्षेत्र में विस्तार और सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL), नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (NRL) और फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स त्रावणकोर लिमिटेड (FACT) के साथ तीन महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoUs) किए। इन समझौतों से देश के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल बुनियादी ढांचे को नई गति मिलने की उम्मीद है।
बीपीसीएल की ओर से जारी बयान के अनुसार, पहला समझौता आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के रामायपट्टनम पोर्ट के पास बन रहे नई रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में सहयोग के लिए किया गया है। यह प्रोजेक्ट दक्षिण भारत में ऊर्जा उत्पादन को बड़ा बूस्ट देगा।
दूसरा समझौता एक त्रिपक्षीय MoU है, जिसमें BPCL, OIL और NRL संयुक्त रूप से एक 700 किलोमीटर लंबी क्रॉस-कंट्री उत्पाद पाइपलाइन का निर्माण करेंगे। यह पाइपलाइन सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर होते हुए मुगलसराय तक पेट्रोलियम उत्पादों के त्वरित और कम लागत वाले परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराएगी।
- अनुमानित कुल निवेश: 3,500 करोड़
- BPCL की हिस्सेदारी: 50%
- शेष हिस्सेदारी: OIL और NRL
तीसरा समझौता BPCL और FACT के बीच हरित ऊर्जा और वेस्ट-टू-एनर्जी पहल को बढ़ावा देने के लिए किया गया। यह साझेदारी आगामी वर्षों में क्लीन एनर्जी मिशन को मजबूत करेगी।
इन तीनों MoUs पर हस्ताक्षर हैदराबाद में आयोजित 28वें एनर्जी टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस 2025 के दौरान हुए, जहां पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव पंकज जैन भी उपस्थित रहे। यह समझौते भारत की ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक प्रगति और हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।









