किसानों के मुद्दों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन तेज
लोकवाहिनी संवाददाता:बुलडाणा। किसानों की विभिन्न मांगों और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने राज्यभर में आंदोलन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में सोमवार (4 मई) को बुलडाणा जिले में ‘अन्नदाता संघर्ष पदयात्रा’ निकाली गई।
यह पदयात्रा जलगांव जामोद तालुका के आदिवासी बहुल मानेगांव से शुरू हुई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। हाथों में तख्तियां, देशभक्ति गीतों की गूंज और पार्टी के झंडों के साथ पूरे क्षेत्र में आंदोलन का माहौल देखने को मिला। पदयात्रा के दौरान किसानों की प्रमुख मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया।
इनमें कर्जमाफी की पूर्ण अमलबाजवणी, फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, कृषि सामग्री को जीएसटी से मुक्त करना, प्रति एकड़ 40 हजार रुपये फसल कर्ज, तथा सोयाबीन, चना, कपास और तूर को उचित दाम देने की मांग शामिल रही। इसके अलावा स्थानीय उद्योगों पर अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों के प्रभाव, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, ईंधन दरों में वृद्धि और प्रशासनिक पारदर्शिता की कमी जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
मीडिया से बातचीत में हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन को और तेज करते हुए मुंबई तक मार्च किया जाएगा। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह आंदोलन राज्यव्यापी उग्र रूप ले सकता है।






