मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कैप्टन स्मित मच्छार की सराहना करते हुए उन्हें ‘सच्चा नायक’ बताया। बुधवार को मच्छार ने ‘फ्लाईदुबई’ की एक उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने की अपने सह-पायलट की कोशिश को नाकाम कर दिया था। विमान में 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे। दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की उड़ान एफजेड1073 ने बुधवार को आपात संकेत भेजे थे। इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 17,000 फुट से अधिक नीचे आ गया। बाद में उसका मार्ग सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुल अजीज हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। सह-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल मच्छार का सऊदी अरब के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फडणवीस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मच्छार ने मुश्किल स्थिति से निपटते हुए सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दुबई से तेल अवीव की उड़ान के दौरान स्मित ने जिस सूझबूझ और साहस का परिचय दिया, वह अनुकरणीय है। फडणवीस ने स्थिति से निपटने और संकट से सुरक्षित निकलने के लिए यात्रियों द्वारा तत्काल एक टीम के रूप में काम करने की भी सराहना की। उन्होंने मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा, आप प्रेरणास्रोत हैं। महाराष्ट्र और भारत को आप पर गर्व है। पायलट का परिवार घाटकोपर इलाके का निवासी है। इस क्षेत्र से भाजपा विधायक पराग शाह ने कहा कि मच्छार का सऊदी अरब में इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर हैं। पराग शाह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘स्मित और मैं एक ही स्कूल से पढ़े हैं। वह मुझसे कनिष्ठ थे। उनके माता-पिता दुबई के लिए रवाना हो गए हैं।’ उन्होंने बताया, फ्लाईदुबई के वरिष्ठ अधिकारी स्मित के साथ हैं और वे परिवार को हर घंटे में उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी दे रहे हैं।
पायलट स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की पड़ोसियों ने की कामना
मुंबई में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार के पड़ोसियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्हें मच्छार पर गर्व है और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कैप्टन मच्छार को उस सह-पायलट से मुकाबला करने के लिए नायक के रूप में सराहा जा रहा है, जिसने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान को कथित तौर पर दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी। इस घटना ने दुनियाभर का ध्यान आकर्षित किया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उनके इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू ने भी मच्छार की सराहना की है। पड़ोसियों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले दुबई जाने से पहले मच्छार घाटकोपर इलाके के स्वास्तिक हाइट्स में अपने माता-पिता के साथ रहते थे।
मच्छार को 15 वर्ष से अधिक समय से जानने वाले पड़ोसी डॉ. जिनित शाह ने उन्हें दयालु और हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि घायल पायलट के माता-पिता सऊदी अरब के लिए रवाना हो गए हैं, जहां उनका इलाज किया जा रहा है, ताकि वे उनके साथ रह सकें। स्वास्तिक बिल्डिंग के चेयरमैन अशोक मकवाना और वहां के निवासी लक्ष्मीकांत जोशी दोनों मच्छार के पिता उपेंद्र के करीबी मित्र हैं। उन्होंने कहा कि वे परिवार को हरसंभव मदद दे रहे हैं और घटना के बाद बुधवार को वे पूरे समय परिवार के साथ रहे। इमारत के निवासियों ने पायलट के साहसिक कदम पर बेहद गर्व जताया और कहा कि वे उनकी भव्य वापसी का स्वागत करने तथा उनके लौटने पर जश्न मनाने की योजना बना रहे हैं। साथ ही वे उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। मच्छार के बचपन के दोस्त प्रतीक गांधी ने उन्हें बचपन से ही शांत और संयमित स्वभाव का व्यक्ति बताया।











