वॉशिंगटन डीसी, एजेंसी:अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में सालाना व्हाइट हाउस में पत्रकारों के लिए आयोजित डिनर के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब मंच पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में अचानक फायरिंग हो गई। शनिवार शाम के इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पत्नी मेलानिया और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े अफसर मौजूद थे। हालात बिगड़ते देख अमेरिकी कमांडो तुरंत हरकत में आए और ट्रंप को सुरक्षा घेरे में ले लिया। गोलीबारी के दौरान ट्रंप तुरंत सिर झुका लिया, जबकि सुरक्षाकर्मी उन्हें चारों ओर से घेरकर वहां से तेजी से बाहर ले गये। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया। उस समय डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी समेत अन्य नेताओं और अधिकारियों के साथ डिनर में मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, अमेरिकी समयानुसार रात करीब 8:30 बजे यह घटना हुई। इस दौरान सुरक्षा कारणों से डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप और अन्य वरिष्ठ नेताओं को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में तेज आवाजें सुनाई देने का दावा किया गया है, हालांकि इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। रिपोर्टर्स के मुताबिक, इन आवाजों के बाद वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया और पूरे इलाके को घेर लिया गया। डोनाल्ड ट्रंप बतौर राष्ट्रपति पहली बार इस डिनर में शामिल हुए। उसी दौरान एक व्यक्ति फायरिंग करते हुए अंदर घुसने का प्रयास कर रहा था, जिस पर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। इस डिनर में लगभग 2,600 लोग मौजूद थे और गोलीबारी की आवाज सुनते ही लोग अपनी-अपनी टेबल के नीचे छिप गए।









