लोकवाहिनी संवाददाता | बुलढाणा। हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे समृद्धि महामार्ग पर एक बार फिर भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मंगलवार सुबह हुए इस दर्दनाक दुर्घटना में छत्रपति संभाजीनगर निवासी पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा, बेटी और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है। यह हादसा मंगलवार, 23 जून की सुबह समृद्धि महामार्ग के मुंबई कॉरिडोर स्थित चैनल क्रमांक 326.5 पर हुआ। सिंदखेड़ राजा तहसील के किंगाव राजा पुलिस थाना क्षेत्र में तेज गति से जा रही फॉर्च्यूनर कार आगे चल रहे मालवाहक ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में छत्रपति संभाजीनगर निवासी डॉ. सैयद आसिफ सैयद उमर (52) और उनकी पत्नी गुलिस्तानबी सैयद आसिफ (45) की गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं चालक शेख साजिद शेख फरीद, बेटी नबा सैयद आसिफ (18) तथा पुत्र सैयद अजाब माज सैयद आसिफ (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सिंदखेड़ राजा ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया।
हालत नाजुक होने के कारण उन्हें आगे के उपचार के लिए जालना रेफर किया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल सिंदखेड़ राजा भेजे गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस निरीक्षक सोलंके सहित आरेख, राठोड़, चौधरी, शेख नासिर और बारगे घटनास्थल पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि ट्रक क्रमांक एनएल-01 एडी-4981 को एमएच-20 एचएन-6768 नंबर की फॉर्च्यूनर कार ने पीछे से टक्कर मारी थी। पुलिस ने ट्रक चालक मोहम्मद इजराऊल हक (निवासी झारखंड) से पूछताछ की। चालक ने बताया कि वह नागपुर से मुंबई की ओर जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बाद में घटनास्थल से हटाकर दुसरबीड टोल नाके पर खड़ा कराया गया। समृद्धि महामार्ग के लोकार्पण के बाद से ही यहां छोटे-बड़े सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। ताजा दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और वाहन चालकों की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।












