नागपुर। शहर में हिट एंड रन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सीताबर्डी थाना क्षेत्र के बाद अब बजाजनगर थाना क्षेत्र में भी ऐसा ही मामला दर्ज किया गया है। एक तेज रफ्तार कार ने दोपहिया वाहन सवार वृद्ध को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभ्यंकरनगर निवासी दीपक वासुदेवराव वाकड़े (71) मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने दोपहिया वाहन क्र. एमएच-31/डीक्यू-8719 से अपनी बेटी के घर जा रहे थे। इसी दौरान शंकरनगर स्थित वोक्हार्ट अस्पताल के पास की गली से गुजरते समय एक अज्ञात कार चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दीपक वाकड़े सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर से काफी खून बहने लगा। इसके अलावा दोनों पैरों, नाक और कान पर भी गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें संभाला तथा वाहन के दस्तावेजों में दर्ज नंबर के आधार पर उनकी बेटी को सूचना दी। इसके बाद घायल वृद्ध को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बजाजनगर पुलिस ने घायल की बेटी की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।












