वाड़ी के खड़गांव रोड स्थित फैक्ट्री में चल रहा था नकली उत्पादों का कारोबार, दो के खिलाफ मामला दर्ज
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। वाड़ी के खड़गांव रोड स्थित सोनबा नगर में नामचीन कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली तेल और पैकेजिंग सामग्री तैयार कर बेचने का मामला सामने आया है। वाड़ी पुलिस ने 21 नवंबर को दीप पेट्रोकेम नामक प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर करीब 6 लाख 21 हजार 890 रुपये का माल जब्त किया। इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सचिन रमेश गोसावी (46), निवासी जवाहर नगर, खार, मुंबई, नेत्रिका कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी फर्म को कास्ट्रोल लिमिटेड कंपनी के उत्पादों पर स्वामित्व अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने वाड़ी पुलिस को नकली उत्पादों के कारोबार की शिकायत दी थी।
शिकायत के आधार पर 21 नवंबर को शाम करीब 6:30 बजे पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में खड़गांव रोड स्थित दीप पेट्रोकेम पर छापा मारा। इस दौरान दुकान पर सुमित भीमराव मेश्राम (39), निवासी खड़गांव रोड, वाड़ी मिला। उसने बताया कि फैक्ट्री का मालिक सुनील सिंह (50), निवासी वाड़ी, बाहर गया हुआ है। पुलिस ने परिसर की जांच की तो वहां तेल की पैकेजिंग करने वाली फैक्ट्री संचालित होती मिली। छापे के दौरान कास्ट्रोल एक्टिव और हीरो कंपनियों के नाम व लेबल से मिलते-जुलते नकली उत्पाद, स्टिकर, ढक्कन, अलग-अलग आकार की तेल से भरी और खाली बोतलें, तेल से भरे 14 लोहे के बैरल, मोटर पंप, पैकेजिंग मशीन तथा पैक की गई बोतलें बरामद हुईं।















