100.6 डेसिबल की आवाज दर्ज, ऑपरेटर हिरासत में
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी स्थित पार्क एवेन्यू बिल्डिंग में संचालित हिचकी बार एंड रेस्टोरेंट में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाना संचालकों को भारी पड़ गया। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील के एस्कॉर्ट पथक ने कार्रवाई करते हुए डीजे की आवाज की जांच की, जिसमें 100.6 डेसिबल की ध्वनि तीव्रता दर्ज की गई। पुलिस ने डीजे ऑपरेटर को हिरासत में लेकर साउंड सिस्टम जब्त कर लिया। मामले में बार के मैनेजर और डीजे ऑपरेटर के खिलाफ सदर पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील को सूचना मिली थी कि न्यू कॉलोनी स्थित पार्क एवेन्यू बिल्डिंग में हिचकी बार एंड रेस्टोरेंट में निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। तेज आवाज के कारण आसपास के नागरिकों को परेशानी होने की भी सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एस्कॉर्ट पथक प्रमुख API भगवान कोली पुलिस टीम तथा ध्वनि मापक यंत्र ऑपरेटर के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले बिल्डिंग के बाहर ध्वनि की तीव्रता मापी, जहां 63.2 डेसिबल आवाज दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने बिल्डिंग की 12वीं मंजिल पर ध्वनि की जांच की, जहां आवाज की तीव्रता बढ़कर 100.6 डेसिबल पाई गई। जांच के दौरान पता चला कि बिल्डिंग की 13वीं मंजिल पर स्थित टेरेस पर हिचकी बार एंड रेस्टोरेंट में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से डीजे ऑपरेटर दीप शंकरराव मोरे (22), निवासी श्रीकृष्ण नगर, वाथोड़ा को हिरासत में लिया।











