फोटो खिंचवाने की लालच में 150 फीट गहरी खाई में फंसे थे 4 युवक
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में मोहखेड़ थाना क्षेत्र के कुकड़ीखापा जलप्रपात घूमने पहुंचे नागपुर के चार युवक अचानक बढ़े जलस्तर के कारण तेज बहाव के बीच चट्टानों पर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे चले जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन में जवानों ने 150 फीट गहरी खाई में उतरकर चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी श्याम बोरकर (25), अथर्व ओ के (22), मनीष उइके (25) और सतीश बावने (23) रविवार को कुकड़ीखापा जलप्रपात घूमने गए थे। झरने का नजारा देखने और फोटो खिंचवाने के लिए चारों चट्टानों के बीच तक पहुंच गए। इसी दौरान ऊपरी क्षेत्र में तेज बारिश होने से अचानक जलस्तर बढ़ गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण चारों युवक चट्टान पर फंस गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद उमरानाला चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्टेट कमांड सेंटर से सूचना मिलने के बाद कमांडेंट स्नेहलता पाढ्या के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम को रवाना किया गया। कंपनी कमांडर गणेश कुमार धुर्वे के नेतृत्व में जवान राजा मरसकोल्हे, स्पर्श यादव, प्रवीण धुर्वे, सुमित शर्मा, दीपेंद्र बरकड़े, अजय धुर्वे और सचिन विश्वकर्मा आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।












