कोराडी। कोराडी थर्मल पावर प्लांट में सोमवार को सुबह लगभग 10:30 बजे भाप विस्फोट होने की घटना में 8 अधिकारी, कर्मचारी और ठेका कर्मचारी घायल हो गए। इनमें से चार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि एक घायल की हालत गंभीर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोराडी थर्मल पावर स्टेशन की यूनिट नं. 10 बंद में थी। इसी दौरान 13 मीटर ऊंचे बॉयलर के ‘पीपहोल’ (Peephole) से अचानक भाप निकलने लगी। भाप के इस अचानक विस्फोट के कारण वहां काम कर रहे 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 4 अधिकारी और कर्मचारी तथा 4 ठेका कर्मचारी शामिल हैं।
इस घटना में सचिन भागवत, विवेक पाटिल, तेजस सोनवणे, ए.के. काजी, निखिल जायतगड़े, कमलेश बारमाटे, गुलाब सिंह टेकाम और विलास बंसोड़ घायल हो गए। सभी घायलों को नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सचिन भागवत, तेजस सोनवणे और विलास बंसोड़ को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बाकी चार घायलों का फिलहाल इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस बीच, इस दुर्घटना में घायलों के इलाज का पूरा खर्च महानिर्मिति (Mahagenco) वहन करेगी और घटना का विस्तृत सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा। प्रथम दृष्टया महानिर्मिति ने दावा किया है कि इस मामले में किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं हुआ है।










