दहेगांव जोशी में बड़ा हादसा टला
पारशिवनी। शनिवार को दोपहर दहेगांव जोशी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रामटेक डिपो की एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सीधे एक रिहायशी मकान से जा टकराई। दोपहर करीब 12:30 बजे हुए इस हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और जोरदार धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण दहशत में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय महाराष्ट्र महामंडल की पारशिवनी से दहेगांव जोशी जा रही बस क्र. एमएच-40-वाय 5093 बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और रफ्तार तेज होने के कारण बस सीधे सड़क किनारे बने दो मकानों में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बस के टकराते ही भीतर मौजूद लोग समय रहते सतर्क हो गए, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया। इस हादसे में हेमंत मधुकर बोंदरे के मकान की कंपाउंड दीवार व बाथरूम का भारी नुकसान हुआ। साथ ही एक अन्य पड़ोसी अजय कावले के मकान के सामने एक खड़ी दोपहिया मोटरसाइकिल क्र. एमएच-40 जे-1728 तथा घर की दीवार का भी नुकसान हुआ। घटनास्थल पर पुलिस निरीक्षक किशोर शेरकी, पुउर्पनि हिम्मत राठौड़ और पुलिस बल तथा बस depots के प्रबंधक नोहर ने पहुंचकर मुआयना किया। दहेगांव जोशी के सरपंच पवन बोंदरे ने डिपो प्रबंधक को बताया कि गांव के रोड आठ से दस फीट चौड़े हैं जिसके कारण बस आने पर राहगीरों को आने-जाने पर तकलीफ होती है तथा समझदार व अनुभवी ड्राइवर रहे तो दुर्घटना नहीं होती। बचाव कार्य के चलते काटी गई पूरे गांव की बिजली।
हादसे के बाद बस मकान के मलबे में फंस गई थी। दुर्घटनाग्रस्त बस को सुरक्षित बाहर निकालने और किसी भी तरह के बिजली के शॉर्ट सर्किट या जनहानि से बचने के लिए एहतियातन दहेगांव जोशी गांव की विद्युत आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई। कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन व अन्य साधनों की मदद से बस को मकान से बाहर खींचा गया। घटना की सूचना मिलते ही पारशिवनी पुलिस निरीक्षक किशोर शेरकी अपने दलबल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और मौके का पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन द्वारा बस की तकनीकी खराबी और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।













