मोबाइल कांग्रेस में पीएम मोदी बोले- साइबर फ्रॉड पर ग्लोबल फ्रेमवर्क जरूरी
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण का उद्घाटन किया. इस दौरान सभागार में मौजूद व्यक्तियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सवालिया अंदाज में कहा, अब बताइए, जिनकी मुफ्त की कमाई बंद हो गई है, वे मोदी से प्यार करेंगे क्या? ये कितने भी चीखते-चिल्लाते रहें, मैं यह काम करता रहूंगा. उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या उन्होंने सही काम किया या नहीं? क्या इस तरह की गड़बड़ियों को बंद होना चाहिए या नहीं? पीएम मोदी ने कहा कि चाहे कोई कितना भी विरोध करे या शोर मचाए, वह इस काम को जारी रखेंगे. उन्होंने साफ कहा कि वह इसे पूरा करके रहेंगे. अगर पुरानी व्यवस्था होती तो पाँच लाख करोड़ रुपये लीकेज में चले जाते, लेकिन मोदी ने इसे रोका है. अब यह पैसा सही काम में लग रहा है.
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत चार लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में जमा किए जा चुके हैं. यह राशि हर चार महीने में किसानों तक पहुँचती है और ऐसे लोगों तक जाती है, जहाँ पहले कभी पैसा नहीं पहुंचता था. पीएम मोदी ने कहा कि मोबाइल फोन ने भारत में कंटेंट क्रिएशन में क्रांति ला दी है, लेकिन फोन और नेटवर्क की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. सामान्य नागरिक प्रोटोकॉल की भाषा में नहीं सोचता. जब उसके पास फोन आए तो उसे पता होना चाहिए कि कौन फोन कर रहा है. जब वह पेमेंट करे तो उसे भरोसा होना चाहिए कि उसका पैसा सुरक्षित है और उसका डेटा भी सुरक्षित है














