रत्नागिरी जिले में मुंबई-गोवा महामार्ग पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मुंबई से चिपलून की ओर जा रही एक कार चालक का नियंत्रण खोने के बाद वालोपे स्थित पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे करीब 25 से 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चिपलून के शासकीय विश्रामगृह के पास तैनात जगद्गुरु रामानंदाचार्य नरेंद्राचार्यजी संस्था की 24 घंटे सेवा देने वाली एम्बुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरी कार से घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए लाइफ केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण हो सकता है।
पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मुंबई-गोवा महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।











