जयपुर में प्रवक्ता की पिटाई, सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची कॉजपा की टीम को खदेड़ा
लोकवाहिनी, संवाददाता
जयपुर। राजस्थान के एक गांव में सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची कॉकोरू जनता पार्टी (कॉजपा) की टीम को ग्रामीणों ने कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर खदेड़ दिया, जिसके बाद झड़प हो गई। स्कूल की जर्जर हालत का सच उजागर करने पहुंची सीजीएपी टीम पर उग्र ग्रामीणों ने कथित तौर पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हिंसक हमले में सीजीएपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका के कपड़े फाड़ने, एक कार्यकर्ता का हाथ तोड़ने और गाड़ियों के शीशे चकनाचूर करने का आरोप है। इस संघर्ष के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। कॉजपा ने जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव में हुई इस घटना को अपनी ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम में शामिल टीम पर हमला बताया। पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं पर पथराव किया गया लेकिन राजस्थान पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया। रांका ने आरोप लगाया कि कॉजपा टीम के सदस्यों की पिटाई की गई, वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया और महिला समर्थकों से अभद्रता की गई। कॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा के गुंडे
आशुतोष (रांका) और कॉजपा के अन्य स्वयंसेवकों के पीछे पड़े हैं। उन्होंने सवाल किया कि राजस्थान पुलिस इस तरह के हमले कैसे होने दे सकती है। हालांकि, बगरू के पुलिस उपाधीक्षक धर्मंद्र शर्मा ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं मिली है। घटना से जुड़े वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को कॉजपा टीम के सदस्यों के साथ तीखी बहस करते, गांव में प्रवेश करने से रोकते और धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है। कुछ वीडियो में कारों की टूटी हुई खिड़कियां भी नजर आईं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि वे कॉजपा की टीम की थीं। रांका ने पत्रकारों से कहा, आज सारी हदें पार हो गईं।
पिछली कई वर्ष से रामपुरा कंवरपुरा का स्कूल भैंसों के तबेले में स्थित है। उन्होंने आरोप लगाया कि निरीक्षण के लिए पहुंची टीम पर खुलेआम हमला व पथराव किया गया तथा कारों की खिड़कियां तोड़ दी गईं। कॉजपा नेता ने कहा कि टीम के सदस्यों के कपड़े फाड़े गए और खुद उनकी शर्ट फाड़ी गई है। रांका ने दावा किया कि स्कूल भवन को ‘असुरक्षित’ घोषित किए जाने के बाद छात्रों के लिए बंद कर दिया गया है और पास के एक पशु बाड़े में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। हालांकि, ग्रामीणों का दावा है कि सरकार ने मरम्मत कार्य के लिए पहले ही धनराशि मंजूर कर दी है और स्थानीय स्तर पर प्रयास करके मरम्मत कराई जा सकती है।
शिक्षा मंत्री को 48 घंटे की कड़ी चेतावनी
इस हमले के बाद सीजीएपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने इसे राजस्थान के लोकतांत्रिक इतिहास का ‘काला दिन’ बताते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को 48 घंटे का कड़ा अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने मांग की है कि कथित हमले में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और स्कूलों में प्रवेश पर प्रतिबंध का तानाशाही आदेश वापस लिया जाए। रांका ने चेतावनी दी कि यदि समय सीमा में मांगें पूरी नहीं हुईं, तो सीजीएपी मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरे राजस्थान में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
…तो मैं जयपुर आऊंगा : दीपके
सीजीएपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मारपीट करने वाले उपद्रवियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया और स्कूल की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ, तो वे खुद जयपुर आकर स्कूल के सामने धरने पर बैठेंगे।













