नागपुर शहर के हुडकेश्वर थाना क्षेत्र के विहीरगांव इलाके में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह स्थानीय नागरिकों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हुडकेश्वर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है, जिसके कारण पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास जारी है। इस घटना के बाद इलाके में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।












