सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, ईरान का बहरीन, कुवैत, जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर हमला
तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका ने बीती रात लगातार चौथे दिन ईरान पर हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, करीब सात घंटे तक चले ऑपरेशन में होर्मुज स्ट्रेट के आसपास ईरान के मिसाइल और ड्रोन ठिकानों, नौसैनिक संसाधनों और कोस्टल डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया। उधर, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया कि उसने जवाबी अभियान शुरू करते हुए बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। बहरीन के अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट बेस और जॉर्डन के अजराक एयरबेस को निशाना बनाने का भी दावा किया।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तेहरान समझौते के लिए आगे नहीं आया, तो अगले हफ्ते बिजलीघरों और पुलों को भी निशाना बनाया जाएगा। दूसरी ओर, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिकी दबाव के आगे नहीं झुकेगा और होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी रणनीति जारी रखेगा। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार रातभर हुए हमलों में 260 से अधिक लोग घायल हुए। इससे संकेत मिलता है कि बमबारी तेज हो गई है। ईरान सरकार की प्रवक्ता फातिमा मोहाजेरानी ने अधिक जानकारी दिए बिना कहा कि हाल के दिनों में 30 से अधिक लोग मारे गए हैं।












