लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। जरीपटका इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसने शहर की सुरक्षा को हिलाकर रख दिया है। नारा घाट पुल के नीचे एक होटल व्यवसायी का शव बोरी में भरा हुआ मिलने के बाद नागपुर में दहशत फैल गई है। मृतक की पहचान राहुल सुनील साहू (38) निवासी झींगाबाई टाकली के रूप में हुई है। राहुल साहू सदर इलाके के अचरज टावर में ‘हैप्पी डे’ नाम का होटल चलाते थे। दो दिन पहले वह पैसे लाने का बहाना बनाकर मोपेड पर निकले थे, लेकिन नहीं लौटे। उनका मोबाइल फोन बंद होने के कारण परिवार ने सदर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार दोपहर को कुछ नागरिकों ने नारा घाट पुल के नीचे एक संदिग्ध बोरी पड़ी देखी। सूचना मिलते ही जरीपटका पुलिस मौके पर पहुंची। बोरी खोलते ही उसके अंदर राहुल का शव मिला, जिससे सनसनी फैल गई।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में संशय जताया है कि यह एक सुनियोजित हत्या है। आशंका है कि राहुल की हत्या कहीं और की गई और शव को बोरी में भरकर पुल के नीचे फेंक दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस भयावह घटना ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस के सामने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बड़ी चुनौती है। इस बीच, एसीपी सत्यवीर बंडीवार ने कहा, मामला बेहद गंभीर है और हर पहलू से जांच चल रही है। आरोपियों का पता लगाने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
यह घटना बुधवार को दोपहर करीब एक बजे के आसपास की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों को इलाके में संदिग्ध अवस्था में एक बोरी दिखाई दिया। बोरी से तेज दुर्गंध आ रही, शक होने पर जब बोरी को देखा गया, तो उसमें शव होने की आशंका जताई गई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरते हुए जांच शुरू कर दी। वहीं पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।











