गांधी की आय और विदेश यात्राओं के खर्च में विसंगति : भाजपालोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए उनकी आय के स्रोत के खुलासे की मांग की। पार्टी ने दावा किया कि राहुल गांधी की साल दर साल आय और उनकी विदेश यात्राओं पर होने वाले खर्च के बीच स्पष्ट विसंगति है। भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि राहुल गांधी पिछले 22 वर्षों में 54 बार विदेश यात्रा पर गए, जिन पर कुल 60 करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च आया।
भाजपा नेता ने कहा कि इसके विपरीत, पिछले 10 वर्षों के चुनावी हलफनामों के अनुसार उनकी कुल घोषित वार्षिक आय लगभग 11 करोड़ रुपये रही है। सांसद पात्रा ने चुनावी हलफनामों का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी की घोषित कुल संपत्ति 2004 में 55.38 लाख रुपये थी, जो 2024 में बढ़कर 20.39 करोड़ रुपये हो गई। उन्होंने सवाल किया, जब उनकी कुल संपत्ति और देनदारियां लगभग 21 करोड़ रुपये हैं, तो इन विदेश यात्राओं पर खर्च हुए 60 करोड़ रुपये का हिसाब कैसे बैठता है? भाजपा सांसद ने मांग की कि कांग्रेस और राहुल गांधी बताएं कि लोकसभा में विपक्ष के नेता की इन यात्राओं का खर्च किसने उठाया।
गांधी की विदेश यात्राओं का वर्षवार ब्योरा साझा करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने अपनी कई विदेश यात्राओं का खुलासा नहीं किया और वे ‘रहस्यमयी’ रही हैं। उन्होंने कहा, यह कानूनी सवाल पैदा करता है। विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के प्रावधानों के तहत, किसी भी सांसद, न्यायाधीश या सरकारी अधिकारी को किसी भी एजेंसी द्वारा प्रायोजित यात्रा के लिए गृह मंत्रालय से पूर्व अनुमति लेनी होती है। पात्रा ने कहा, यदि कोई व्यक्ति अपने व्यक्तिगत खर्च पर विदेश यात्रा करता है, तो उसे इसका विवरण आयकर रिटर्न में देना होता है।












