अधिक मास में भक्तिमय माहौल तैयार
सनातन संस्कृति उत्थान समिति और वामनराव बरडे स्मृति लोकसेवा प्रतिष्ठान की ओर से अधिक मास के अवसर पर नागपुर के झिंगाबाई टाकळी क्षेत्र में भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। यह आध्यात्मिक कार्यक्रम 30 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ, श्री विष्णु नाम यज्ञ और 18 महापुराण पारायण का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ और प्रवचनों का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से कलश यात्रा, गोमती चक्र पूजन और वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। साथ ही विभिन्न तीर्थों के पवित्र जल से कलश पूजन भी किया जाएगा, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा।
इस धार्मिक आयोजन में परम पूज्य आचार्य राजालालन गोपालजी महाराज और आचार्य सच्चिदानंद जी महाराज श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देंगे। प्रतिदिन सुबह यज्ञ और पारायण तथा शाम को प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 6 जून को महाप्रसाद का आयोजन भी रखा गया है।
आयोजकों ने नागपुर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है।











