सांसद खेल महोत्सव 31 मई से 7 जून तक
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। खेल संस्कृति का विकास हो इस उद्देश्य से प्रति वर्ष आयोजित होने वाले खासदार (सांसद) क्रीड़ा महोत्सव का इस वर्ष 31 मई से 07 जून 2026 के दौरान आयोजन हो रहा है। खासदार क्रीड़ा महोत्सव समिति द्वारा नागपुर में आयोजित पत्रकार परिषद में इसकी घोषणा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की और महोत्सव की ट्रॉफी का अनावरण किया। हर साल यह उत्सव नागपुर शहर और जिले के साथ-साथ पूरे महाराष्ट्र में बड़े उत्साह से मनाया जाता है। हालांकि, इस साल नागपुर में बढ़ते तापमान को देखते हुए खेलों की परंपरा को कायम रखते हुए उत्सव का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है और इस वर्ष यह उत्सव केवल नागपुर शहर के खिलाड़ियों तक ही सीमित रखा गया है।
इस उत्सव में कुल 18 खेलों को शामिल किया गया है और शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित लगभग 20 मैदानों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। खास बात यह है कि सभी मैदानी प्रतियोगिताएं रात्रि सत्र में आयोजित की जाएंगी। इस उत्सव के लिए कुल 57 लाख 63 हजार रुपये के नकद पुरस्कार रखे गए हैं और विजेताओं को ट्रॉफी और पदक भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में कुश्ती, मैराथन, खो-खो, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कबड्डी, तैराकी, बास्केटबॉल, शतरंज, कैरम, हैंडबॉल, योग, जिम्नास्टिक, स्केटिंग, टेबल टेनिस और सॉफ्टबॉल जैसे खेल शामिल हैं। इस वर्ष 8 दिन चलने वाले इस ‘खासदार (सांसद) क्रीड़ा महोत्सव’ में नागपुर के 23,800 खिलाड़ी शहर के 20 मैदानों पर रात्रि के समय 18 प्रकार के खेल और 5,450 मैच खेलेंगे। इस महोत्सव में विशेष रूप से 571 ट्रॉफीज, 6,700 मेडल्स और 57,63,000 रुपये की धनराशि पुरस्कार के तौर पर खिलाड़ियों को दी जाएगी।
देश में कहीं भी ऐसी कोई प्रतियोगिता नहीं :मोहोले
इस अवसर पर केंद्रीय विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोले मध्य प्रदेश खेल महोत्सव की सराहना की। उन्होंने कहा, मैं भारत के हर राज्य में जाता हूं। लेकिन नागपुर में आयोजित खेल प्रतियोगिता जैसी भव्य प्रतियोगिता मैंने कहीं और आयोजित होते नहीं देखी। हजारों खिलाड़ी यहां आते हैं। आयोजक आवास से लेकर रहने तक की बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करते हैं। मैंने ऐसी व्यवस्था कहीं और नहीं देखी।
नागपुर को खेल शहर बनाने का इरादा : गडकरी
इस अवसर पर गडकरी ने नागपुर को खेल शहर बनाने का अपना इरादा व्यक्त किया। उन्होंने कहा, इस शहर में कई खेल परिसर बनाने का मेरा संकल्प है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल बनाने की भी योजना है। इसके लिए नागपुरवासियों का सहयोग आवश्यक है और उन्हें इसके लिए स्थान सुझाने चाहिए। गडकरी ने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित करने की पहल करूंगा कि शहर के हर हिस्से में एक खेल परिसर हो।













