नागपुर। भाजपा के डॉ. राजीव पोतदार ने सोमवार को नागपुर स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। मूल रूप से अमरावती के निवासी डॉ. पोतदार ने नागपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने गढ़चिरोली और नागपुर के ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा अधिकारी के रूप में सेवाएं दी हैं और 1994 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। नामांकन से पहले उन्होंने संविधान चौक स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद डॉ. पोतदार ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय की ओर प्रस्थान किया। इस अवसर पर पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राज्यमंत्री आशीष जयसवाल, महापौर नीताताई ठाकरे, आशीषराव देशमुख, विधायक प्रवीण दटके, विधायक मोहन मते, पूर्व नागपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णा खोपडे, चरणसिंग ठाकुर, डॉ. विकास महात्मे, प्रो. अनिल सोले, टेकचंद सावरकर, पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी (पीरिपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयदीप कवाड़े, उपमहापौर लीलाताई हाथीबेड़, नगर निगम सत्तारूढ़ दल के नेता नरेंद्र बोरकर, भाजपा नागपुर जिला अध्यक्ष मनोहर कुंभारे, आनंदराव राऊत, नागपुर शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, कामठी नगर पालिका के नगराध्यक्ष अजय अग्रवाल, जिला महासचिव अनिल निधान सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
डॉ. पोतदार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 1994 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। 1995-1999 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में उन्होंने भाजपा-शिवसेना गठबंधन के लिए प्रचार किया। उनका जन्म अमरावती जिले के कोल्हापुर गांव में हुआ था। पोतदार ने कलमेश्वर को अपना कार्यस्थल चुना। 2002 में, उन्होंने कलमेश्वर नगरपालिका में 9 सदस्यों को निर्वाचित करवाकर भाजपा-शिवसेना गठबंधन को सत्ता में पहुंचाया।












