स्टील कॉइल के नीचे छिपाकर की जा रही थी गांजे की तस्करी
37 लाख रुपये का माल जब्त, एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज
नागपुर पुलिस की अपराध शाखा और पारडी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने भंडारा-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जोगेंद्रसिंह ढाबे के सामने एक ट्रक से 150 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से मुंबई की ओर एक ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजे की खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान पाया गया कि तस्करों ने गांजे को स्टील कॉइल के नीचे बेहद सुनियोजित तरीके से छिपाकर रखा था, ताकि पुलिस और जांच एजेंसियों की नजरों से बचा जा सके।
तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 150 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजे के अलावा ट्रक, स्टील कॉइल और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त किए गए कुल माल की अनुमानित कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी रैकेट के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ है। अधिकारियों ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










