एवियॉन, एजेंसी:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को फ्रांस के एवियॉन में जी7 सम्मेलन के दौरान एक-दूसरे का अभिवादन स्वीकार किया और संक्षिप्त बातचीत की। करीब डेढ़ साल में दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी। मोदी और ट्रंप गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए दिखे और उसके बाद उन्होंने थोड़ी बातचीत भी की। ट्रंप और मोदी ने करीब 5 मिनट तक बात की। मीटिंग में दोनों एक-साथ बैठे नजर आए। 16 महीनों बाद मोदी और ट्रंप की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं की बुधवार को सम्मेलन के इतर द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। दोनों नेता बुधवार को शाम 6:30 बजे ट्रेड डील पर चर्चा कर सकते हैं। तत्काल यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने क्या बातचीत की।
मोदी और ट्रंप के बीच भारत-अमेरिका ट्रेड डील, टैरिफ, निवेश और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से प्रस्तावित व्यापार समझौते पर भी बातचीत होने की संभावना है। इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने सोमवार को 52वें जी7 शिखर सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन किया। समिट में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी समेत कई वैश्विक नेता शामिल हो रहे हैं। ट्रंप द्वारा मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को रोकने में अहम भूमिका निभाने के दावे किये जाने और अमेरिका की ओर से भारत पर दंडात्मक शुल्क लगाए जाने के बाद नयी दिल्ली-वाशिंगटन के रिश्तों में भारी गिरावट आई।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की पिछले महीने भारत यात्रा के बाद, दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों को फिर से बेहतर बनाने की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि, ओमान के तट के पास पिछले हफ्ते एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में फिर से तनाव आ गया। रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से उन्हें निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने भारत को हिंद-प्रशांत को लेकर तैयार अमेरिकी नीति का आधार बताया था। प्रधानमंत्री मोदी जी7 सम्मेलन के दौरान दुनिया के कई अन्य नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।











